हिन्दी

माँगिए, और आपको सभी अच्छी चीज़ें दी जाएँगी

5 मार्च 2020
चालीसा काल के पहले सप्ताह का गुरुवार
आज के पाठ

“माँगो और तुम्हें दिया जाएगा; खोजो और तुम पाओगे; खटखटाओ और तुम्हारे लिए द्वार खोला जाएगा…”

“तो तुम्हारा स्वर्गिक पिता उन लोगों को अच्छी चीज़ें और भी अधिक क्यों न देगा, जो उनसे माँगते हैं।”  मत्ती 7:7, 11

येसु स्पष्ट रूप से कहते हैं कि जब हम माँगेंगे, तो हमें मिलेगा; जब हम खोजेंगे, तो हम पाएँगे; और जब हम खटखटाएँगे, तो हमारे लिए द्वार खोला जाएगा।  लेकिन क्या आपका अनुभव ऐसा ही है?  कभी-कभी हम बार-बार माँगते हैं, गिड़गिड़ाते हैं, और ऐसा लगता है कि हमारी प्रार्थना अनसुनी रह जाती है—कम-से-कम उस तरह से उसका उत्तर नहीं मिलता, जैसा हम चाहते हैं।  तो जब येसु कहते हैं, “माँगो…खोजो…खटखटाओ” और तुम्हें मिलेगा, तो उनका क्या अर्थ है?

हमारे प्रभु के इस आह्वान को समझने की कुंजी यह है कि, जैसा ऊपर दिए गए धर्मग्रंथ के वचन में कहा गया है, हमारी प्रार्थना के द्वारा ईश्वर “माँगने वालों को अच्छी चीज़ें” देंगे।  वे हमें वह सब देने का वादा नहीं करते जो हम माँगते हैं; बल्कि वे उसे देने का वादा करते हैं जो वास्तव में अच्छा है और विशेष रूप से हमारे अनन्त उद्धार के लिए अच्छा है।

इससे यह प्रश्न उठता है, “तो फिर मैं कैसे प्रार्थना करूँ और किसलिए प्रार्थना करूँ?”  आदर्श रूप से, हमारी हर विनती-प्रार्थना में यही माँग होनी चाहिए कि प्रभु की इच्छा पूरी हो—न उससे अधिक, न उससे कम।  केवल उनकी पूर्ण इच्छा।

इसके लिए प्रार्थना करना पहली नज़र में जितना लगता है, उससे अधिक कठिन हो सकता है।  बहुत बार हमारी प्रार्थना यह होती है कि “मेरी इच्छा पूरी हो,” न कि “आपकी इच्छा पूरी हो।”  लेकिन यदि हम भरोसा कर सकें, और गहराई से भरोसा कर सकें, कि ईश्वर की इच्छा पूर्ण है और हमें सभी “अच्छी चीज़ें” प्रदान करती है, तो उनकी इच्छा खोजना, उसी के लिए माँगना और उनके हृदय का द्वार खटखटाना कृपा की भरपूरी लाएगा, जैसी कृपा ईश्वर हमें देना चाहते हैं।

आज इस बात पर मनन कीजिए कि आप किस तरह प्रार्थना करते हैं।  अपनी प्रार्थना को बदलने का प्रयास कीजिए, ताकि उसमें उन अनेक चीज़ों की माँग न हो जिन्हें आप ईश्वर से पाना चाहते हैं, बल्कि उन अच्छी चीज़ों की खोज हो जिन्हें ईश्वर आपको देना चाहते हैं।  शुरू में अपने विचारों और अपनी इच्छा का मोह छोड़ना कठिन हो सकता है, लेकिन अन्त में आपको ईश्वर से बहुत-सी अच्छी चीज़ों की आशीष मिलेगी।

हे प्रभु, मेरी हार्दिक प्रार्थना है कि सब बातों में आपकी इच्छा पूरी हो।  मेरी सबसे बढ़कर यही चाह है कि मैं स्वयं को आपको समर्पित कर दूँ और आपकी पूर्ण योजना पर भरोसा रखूँ।  हे प्रिय प्रभु, अपने विचारों और इच्छाओं को छोड़ने और सदा आपकी इच्छा खोजने में मेरी सहायता कीजिए।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

क्रूस के चरणों में 40 दिन – आठवाँ मनन – सब बातों में निष्ठा

चालीसा काल के लिए संसाधन

सुसमाचार पर और मनन

ईश्वरीय दया पर मनन

आज के संत और पर्व

पवित्र मिस्सा के पाठों के विकल्प