20 अप्रैल, 2020
पास्का के दूसरे सप्ताह का सोमवार
आज के पाठ

“मैं तुमसे सच-सच कहता हूँ, जब तक कोई जल और पवित्र आत्मा से जन्म न ले, वह ईश्वर के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता।” यूहन्ना 3:5
क्या आपको नया जन्म मिला है? बहुत-से इवैंजेलिकल ख्रीस्तीयों के बीच यह एक आम प्रश्न है। लेकिन यह ऐसा प्रश्न है जो हमें भी अपने आप से पूछना चाहिए। तो क्या आपको नया जन्म मिला है? और इसका ठीक-ठीक अर्थ क्या है?
आशा है कि हममें से हर एक पूरे हृदय से इस प्रश्न का उत्तर “हाँ!” में दे। पवित्र शास्त्र स्पष्ट करता है कि हमें मसीह में नया जन्म पाना आवश्यक है। हमारे पुराने मनुष्य को मरना और नए मनुष्य को जन्म लेना आवश्यक है। ख्रीस्तीय बनने का यही अर्थ है। हम मसीह में एक नया जीवन धारण करते हैं।
नया जन्म जल और पवित्र आत्मा से होता है। यह बपतिस्मा में होता है। जब हमारा बपतिस्मा होता है, तो हम जल में प्रवेश करते हैं और मसीह के साथ मरते हैं। जब हम जल से ऊपर उठते हैं, तो हमें उनमें नया जन्म मिलता है। इसका अर्थ है कि बपतिस्मा हमारे भीतर सचमुच अद्भुत कार्य करता है। इसका अर्थ है कि अपने बपतिस्मा के फलस्वरूप हम दत्तक संतान बनकर परम पवित्र त्रित्व के अपने जीवन में सहभागी होते हैं। हममें से अधिकांश का बपतिस्मा शैशवावस्था में हुआ था। यह उन बातों में से एक है जिनके बारे में हम अक्सर नहीं सोचते। लेकिन हमें सोचना चाहिए।
बपतिस्मा एक ऐसा संस्कार है जिसका प्रभाव हमारे जीवन में निरंतर बना रहता है और अनन्त है। यह हमारी आत्मा पर एक अमिट छाप अंकित करता है। यह “छाप” हमारे जीवन में कृपा का निरंतर स्रोत है। यह कृपा के ऐसे कुएँ के समान है जो कभी नहीं सूखता। इस कुएँ से हमें निरंतर पोषण और नयापन मिलता है, ताकि हम उस गरिमा के अनुरूप जी सकें जिसके लिए हमें बुलाया गया है। इसी कुएँ से हमें वह कृपा मिलती है जिसकी हमें अपने स्वर्गिक पिता के पुत्र-पुत्रियों के रूप में जीने के लिए आवश्यकता है।
आज अपने बपतिस्मा पर मनन करें। पास्का वह समय है जब, किसी भी अन्य समय से बढ़कर, हमें इस संस्कार का नवीकरण करने के लिए बुलाया जाता है। पवित्र जल ऐसा करने का एक अच्छा साधन है। अगली बार जब आप गिरजाघर में हों, तो अच्छा होगा कि पवित्र जल से अपने माथे पर क्रूस का चिह्न बनाते हुए सचेत रूप से अपने बपतिस्मा को और इस संस्कार द्वारा मिली गरिमा तथा कृपा को याद करें। बपतिस्मा ने आपको एक नई सृष्टि बना दिया है। इस पास्का काल में मिले उस नए जीवन को समझने और जीने, दोनों का प्रयास करें।
स्वर्गिक पिता, आज मैं अपने बपतिस्मा का नवीकरण करता हूँ। मैं सदा के लिए पाप का त्याग करता हूँ और आपके पुत्र मसीह येसु में अपना विश्वास घोषित करता हूँ। जिस गरिमा के अनुरूप जीने के लिए मुझे बुलाया गया है, उसके अनुसार जीने के लिए मुझे आवश्यक कृपा दीजिए। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।
पवित्र मिस्सा के पाठों के विकल्प

ईश्वरीय दया पर दैनिक मनन:
संत फॉस्टिना के साथ 365 दिन




