हिन्दी

कुछ भी बचाकर न रखें

8 मार्च, 2024
चालीसा काल के तीसरे सप्ताह का शुक्रवार
आज के पाठ

संत जॉन ऑफ गॉड, धर्मसंघी—ऐच्छिक स्मृति

वीडियो

“हे इस्राएल, सुनो! प्रभु हमारा ईश्वर ही एकमात्र प्रभु है! तुम अपने प्रभु ईश्वर को अपने सारे हृदय, अपनी सारी आत्मा, अपने सारे मन और अपनी सारी शक्ति से प्रेम करो।” मारकुस 12:29–30

अपने प्रभु ईश्वर को अपने सम्पूर्ण हृदय, अपनी सम्पूर्ण आत्मा, अपने सम्पूर्ण मन और अपनी सम्पूर्ण शक्ति से प्रेम करने से कम कुछ भी आप क्यों चुनेंगे? इससे कम कुछ भी आप क्यों चुनेंगे? बेशक, हम जीवन में प्रेम करने के लिए बहुत-सी दूसरी चीज़ें भी चुनते हैं, हालाँकि येसु ने इस आज्ञा को स्पष्ट रूप से बताया है।

सच्चाई यह है कि दूसरों से, यहाँ तक कि स्वयं से भी प्रेम करने का एकमात्र मार्ग यह है कि हम अपने सम्पूर्ण अस्तित्व से ईश्वर को प्रेम करने का चुनाव करें। ईश्वर ही हमारे प्रेम का एकमात्र केन्द्र होना चाहिए। लेकिन अद्भुत बात यह है कि हम जितना अधिक ऐसा करते हैं, उतना ही अधिक हमें एहसास होता है कि हमारे जीवन में ऐसा प्रेम है जो अपार प्रचुरता से उमड़ता ही चला जाता है। और ईश्वर के प्रति यही उमड़ता हुआ प्रेम फिर दूसरों पर बरसता है।

दूसरी ओर, यदि हम अपने प्रयास से अपने प्रेम को बाँटने की कोशिश करें और ईश्वर को अपने हृदय, आत्मा, मन और शक्ति का केवल एक हिस्सा दें, तो ईश्वर के प्रति हमारा प्रेम उस तरह बढ़कर उमड़ नहीं सकता, जैसा ईश्वर चाहते हैं। हम प्रेम करने की अपनी क्षमता को सीमित कर देते हैं और स्वार्थ में पड़ जाते हैं। ईश्वर के प्रति प्रेम सचमुच एक अद्भुत वरदान है, जब वह पूर्ण हो और हमारे पूरे अस्तित्व को अपने में समेट ले।

हमारे जीवन के इन सभी पहलुओं में से हर एक पर मनन करना और उसकी जाँच करना उचित है। अपने हृदय के बारे में सोचें और इस बारे में भी कि आपको अपने हृदय से ईश्वर को प्रेम करने के लिए कैसे बुलाया गया है। और यह अपनी आत्मा से ईश्वर को प्रेम करने से किस प्रकार अलग है? शायद आपके हृदय का अधिक सम्बन्ध आपकी अनुभूतियों, भावनाओं और करुणा से है। शायद आपकी आत्मा का स्वरूप अधिक आध्यात्मिक है। आपका मन ईश्वर के सत्य की गहराई में जितना अधिक उतरता है, उतना ही अधिक उनसे प्रेम करता है, और आपकी शक्ति जीवन में आपकी लगन और प्रेरक बल है। आप अपने अस्तित्व के विभिन्न पहलुओं को चाहे जिस तरह समझें, मुख्य बात यह है कि हर पहलू से ईश्वर के प्रति पूर्ण प्रेम होना चाहिए।

आज हमारे प्रभु की इस सुन्दर आज्ञा पर मनन करें। यह प्रेम की आज्ञा है, और यह हमें ईश्वर की भलाई के लिए उतनी नहीं, जितनी हमारी अपनी भलाई के लिए दी गई है। ईश्वर हमें प्रेम से इतना भर देना चाहते हैं कि वह उमड़ पड़े। हम कभी इससे कम कुछ क्यों चुनेंगे?

मेरे प्रेममय प्रभु, मेरे प्रति आपका प्रेम अनन्त और हर प्रकार से पूर्ण है। मेरी प्रार्थना है कि कुछ भी बचाकर रखे बिना, अपने अस्तित्व के कण-कण से आपको प्रेम करना सीख सकूँ और आपके प्रति मेरा प्रेम हर दिन और गहरा होता जाए। जैसे-जैसे इस प्रेम में मेरी वृद्धि होती है, मैं इस प्रेम की उमड़ती प्रचुरता के लिए आपको धन्यवाद देता हूँ। मेरी प्रार्थना है कि आपके प्रति यह प्रेम मेरे आस-पास के लोगों के हृदयों में भी प्रवाहित हो। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

इक्कीसवें दिन के मनन:
मरुभूमि में 40 दिन & क्रूस के पास 40 दिन

कार्डिनल बर्क के साथ नौ महीने की रोजरी नौ-दिवसीय प्रार्थना

सुसमाचार पर और मनन

ईश्वरीय दया पर मनन

चालीसा काल के लिए संसाधन

चालीसा काल के लिए पवित्र शास्त्र पर मनन

सभी संत/पर्व

आज के संत – संत जॉन ऑफ गॉड, धर्मसंघी—ऐच्छिक स्मृति

पवित्र मिस्सा के पाठों के विकल्प

ऊपर दिए गए प्रमुख चित्र: दिमित्रिस वेत्सिकास द्वारा, Pixabay से