हिन्दी

साक्षात्कार से जन्मा विश्वास

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

संत थोमस प्रेरित का पर्व

आज के पाठ

संत थोमस — कृतिकार: लॉरेन्स OP, CC BY-NC-ND 2.0।

वीडियो

बारहों में से एक, थोमस, जो दिदिमुस कहलाता था, येसु के आने पर उनके साथ नहीं था। इसलिए दूसरे शिष्यों ने उससे कहा, “हमने प्रभु को देखा है।” लेकिन थोमस ने उनसे कहा, “जब तक मैं उनके हाथों में कीलों के निशान न देख लूँ, उन निशानों में अपनी उँगली न डाल लूँ और उनके पार्श्व में अपना हाथ न डाल लूँ, तब तक मैं विश्वास नहीं करूँगा।” योहन 20:24–25

यद्यपि संत थोमस को मुख्यतः येसु के पुनरुत्थान पर संदेह करने के लिए याद किया जाता है, फिर भी ईश्वर ने उनके द्वारा महिमामय कार्य किए। ईश्वर सर्वशक्तिमान हैं, इसलिए थोमस का संदेह भी कलीसिया के लिए कृपा के स्रोत और सच्चे विश्वास तथा हृदयपरिवर्तन के आदर्श में बदल गया। थोमस में हम संदेह से विश्वास तक, अनुपस्थिति से विश्वास की उद्घोषणा तक, भय से शांति तक की यात्रा देखते हैं—यह हममें से प्रत्येक के लिए वही यात्रा करने का निमंत्रण है।

संत थोमस, जो दिदिमुस कहलाते थे—जिसका अर्थ है “जुड़वाँ”—उस समय उपस्थित नहीं थे, जब पुनरुत्थित ख्रीस्त पहली बार एकत्रित प्रेरितों को दिखाई दिए। उनकी अनुपस्थिति कोई संयोग नहीं थी, बल्कि ईश्वर की विधानमय योजना का हिस्सा थी। जब दूसरे शिष्यों ने साक्ष्य दिया, “हमने प्रभु को देखा है,” तो थोमस को विश्वास करने में कठिनाई हुई। उनकी अनुपस्थिति कलीसिया से या प्रार्थना के सक्रिय जीवन से अलगाव के प्रभाव का प्रतीक है, जो हमें संदेह और अविश्वास के प्रति असुरक्षित बना सकता है। उनका हृदय ठोस प्रमाण माँग रहा था: “जब तक मैं कीलों के निशान न देख लूँ… तब तक मैं विश्वास नहीं करूँगा।” इसमें थोमस उस पुकार को व्यक्त करते हैं, जो हर मानव हृदय में गूँजती है: हम निश्चय की लालसा रखते हैं, फिर भी अपनी माँग के अनुसार प्रमाण पाए बिना भरोसा करने में कठिनाई अनुभव करते हैं।

एक सप्ताह बाद—उस दिन, जिसे अब ईश्वरीय दया रविवार के रूप में मनाया जाता है—येसु एक बार फिर बंद दरवाज़ों वाले कमरे में आए और शांति बिखेरते हुए उनके बीच खड़े हो गए: “तुम्हें शांति मिले।” उनके पहले शब्द पूरे समूह से नहीं, बल्कि थोमस से कहे गए थे। उन्होंने कोमल प्रेम से उनके आहत विश्वास को सँभालते हुए कहा: “अपनी उँगली यहाँ लाओ और मेरे हाथों को देखो… अपना हाथ लाओ और मेरे पार्श्व में डालो।” येसु थोमस को लज्जित नहीं करते; वे उन्हें निमंत्रण देते हैं। वे उन्हें उन्हीं घावों को छूने के लिए बुलाते हैं जिन्होंने मृत्यु पर विजय पाई थी, ताकि वे ईश्वरीय दया के रहस्य में केवल बौद्धिक रूप से ही नहीं, बल्कि शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से भी प्रवेश करें।

जीवित ख्रीस्त से साक्षात्कार होने पर थोमस का रूपांतरण हो जाता है। उस निर्णायक क्षण में, वे संपूर्ण पवित्र शास्त्र में विश्वास की सबसे महान उद्घोषणाओं में से एक को प्रार्थना के रूप में व्यक्त करते हैं: “हे मेरे प्रभु और मेरे ईश्वर!” वे गहरी स्पष्टता के साथ ख्रीस्त के ईश्वरत्व की घोषणा करते हैं। संदेह करने वाला शिष्य विश्वास करने वाला प्रेरित बन जाता है, जिसे बाद में पृथ्वी के छोर तक साक्ष्य देने के लिए भेजा जाएगा।

थोमस की यात्रा हमें अपनी यात्रा पर मनन करने का निमंत्रण देती है। थोमस की तरह हम भी कभी-कभी पुनरुत्थित प्रभु से साक्षात्कार के अवसरों पर अनुपस्थित रहते हैं। प्रतिदिन प्रार्थना न करना, निष्ठापूर्वक पवित्र मिस्सा में भाग न लेना, अपने पापों का पापस्वीकार न करना, आध्यात्मिक पठन, आराधना, आध्यात्मिक साधना-शिविरों या पल्ली के मिशन कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी आत्मा का पोषण न करना हमें ख्रीस्त से अलग कर सकता है और हमारे विश्वास को कमज़ोर कर सकता है। कृपा के इन साधनों से दूर रहना आध्यात्मिक संदेह और दुर्बलता का द्वार खोल सकता है।

यदि आप इन संघर्षों से परिचित हैं, तो संत थोमस के उदाहरण से हिम्मत पाएँ। यदि आपका विश्वास डगमगाया है—विशेषकर यदि आप गंभीर संदेहों का अनुभव कर रहे हैं—या यदि सांसारिक चिंताएँ आपको कृपा के जीवन से दूर ले गई हैं, तो थोमस की प्रार्थना को अपनी प्रार्थना बनने दें: “हे मेरे प्रभु और मेरे ईश्वर!” उन्होंने जो देखा, उसमें अपना विश्वास घोषित किया, ताकि हम उन ख्रीस्त में अपना विश्वास घोषित कर सकें जिन्हें हम अभी नहीं देखते। विश्वास की दृढ़ निश्चितता और हृदय की सच्ची उत्कंठा के साथ की गई यह सरल-सी प्रार्थना हमारे विश्वास को और प्रज्वलित करती है तथा हमें वह स्पष्टता देती है जिसकी हमें आवश्यकता है।

आज इस बात पर मनन करें कि पास्का रविवार को येसु के पुनरुत्थान के बाद उनके पहली बार दिखाई देने पर थोमस अनुपस्थित थे। उनकी निराशा और संदेह को महसूस करने का प्रयास करें। येसु के फिर से प्रकट होने तक, पूरे एक सप्ताह थोमस इन्हीं भावनाओं से जूझते रहे। उन अवसरों को पहचानकर उनमें स्वयं को देखें, जब आपने भी ऐसा ही महसूस किया हो। फिर एक सप्ताह बाद के उस क्षण की ओर बढ़ें, जब येसु उन्हें दिखाई दिए और थोमस वहाँ उपस्थित थे। उनके साथ सुनें कि येसु आपको अपने घावों को छूने का निमंत्रण दे रहे हैं। थोमस के साथ अपना विश्वास घोषित करें, “हे मेरे प्रभु और मेरे ईश्वर!” इस प्रार्थना को दोहराएँ और थोमस के हृदय में जागे नए, उत्कट विश्वास को महसूस करने का प्रयास करें। हमारे प्रभु हम सभी से यही विश्वास चाहते हैं—हमसे, जो अपनी आँखों से उन्हें नहीं देखते, पर अपनी आत्मा में उन्हें जानने लगते हैं।

हे मेरे प्रभु और मेरे ईश्वर! मुझे आप पर सचमुच विश्वास है और पूरे हृदय से यही मेरा विश्वास-अंगीकार है। जब अपने विश्वास को लेकर मेरे भीतर संघर्ष हो, जब मेरे कदम डगमगाएँ या जब प्रार्थना और भक्ति के जीवन से मेरा ध्यान भटक जाए, तो कृपया मुझे संत थोमस की याद दिलाएँ। उनके शब्द बार-बार मेरे होठों पर रखें, ताकि उनके साथ मेरी यह पुकार निरंतर उठती रहे, “हे मेरे प्रभु और मेरे ईश्वर!” हे संत थोमस, हमारे लिए प्रार्थना करें। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

आज के संत – संत थोमस प्रेरित

सुसमाचार पर और मनन

ईश्वरीय दया पर मनन

सामान्य काल के लिए पवित्र शास्त्र पर मनन

सभी संत/पर्व

पवित्र मिस्सा के पाठों के विकल्प