18 दिसंबर, 2019
आगमन काल का सामान्य दिन
आज के पाठ

प्रभु के दूत ने स्वप्न में यूसुफ को दर्शन देकर कहा, “दाऊद के पुत्र यूसुफ, अपनी पत्नी मरियम को अपने घर लाने से मत डरो। क्योंकि उनके गर्भ में यह बालक पवित्र आत्मा से आया है। वे एक पुत्र को जन्म देंगी और तुम उसका नाम येसु रखना, क्योंकि वे अपनी प्रजा को उसके पापों से बचाएँगे।” मत्ती 1:20b-21
संत यूसुफ के बारे में हमें बहुत कम जानकारी है, लेकिन मुक्ति के इतिहास में उनकी भूमिका के महत्व पर विचार कीजिए। ईश्वर के पुत्र को उनके नन्हे बालक के रूप में उनकी देखभाल में सौंपा गया था। शुरू में वे इस बात को लेकर उलझन में थे कि मरियम कैसे गर्भवती हो सकती थीं, लेकिन स्वप्न में दूत के वचन सुनने पर उन्होंने इस बालक को अपना लिया और पिता के प्रेम से उनकी देखभाल की।
यह ध्यान देने योग्य है कि संत यूसुफ ने एक स्वप्न के कारण ख्रीस्त बालक को अपनाया। लेकिन क्या वह केवल एक स्वप्न था? हम सब बहुत-से स्वप्न देखते हैं और उनमें से कुछ अजीब और बेतुके होते हैं। तो फिर संत यूसुफ ने इस स्वप्न की प्रामाणिकता पर भरोसा क्यों किया?
इस प्रश्न का उत्तर बहुत सरल है। हालाँकि उन्होंने जो देखा, वह एक स्वप्न ही था, फिर भी उसके साथ विश्वास का वरदान भी मिला था। यूसुफ को मानवीय तर्क से परे इस बात का पूरा निश्चय था कि ईश्वर की वाणी ने उनसे बात की थी, और उन्होंने उदार विश्वास के साथ उसका प्रत्युत्तर दिया।
हो सकता है कि हमें ऐसे स्वप्न न आते हों जिनमें ईश्वर किसी दूत के रूप में हमसे बात करते हैं, लेकिन ईश्वर दिन भर हमसे बात करते रहते हैं। वे सीधे हमारे मन और हृदय से बात करते हैं, और असंख्य स्वर्गदूतों की देखभाल और मध्यस्थता के द्वारा भी अलग-अलग तरीकों से हमसे बात करते हैं। ईश्वर के दूत निरंतर हम तक ईश्वरीय संदेश और प्रेरणाएँ पहुँचाते रहते हैं। प्रश्न यह है कि हम सुन रहे हैं या नहीं।
स्वर्गदूतों की मध्यस्थता से ईश्वर की वाणी सुनने का अर्थ यह नहीं है कि हम सचमुच स्वर्गदूतों को बोलते हुए देखें या सुनें। बल्कि, इसका अर्थ है प्रेम की उस भाषा को पहचानना, जिसमें हमसे बात की जाती है और हमें विश्वास के लिए बुलाया जाता है।
आज अपने हृदय की नीरवता में सुनिए और संत यूसुफ की गौरवमय साक्षी का अनुसरण कीजिए, जिन्होंने पूर्ण विश्वास और भरोसे के साथ हमारे प्रभु की इच्छा को स्वीकार किया।
प्रभु, आपकी मधुर वाणी सुनने की मुझे लालसा है। मेरी लालसा है कि मैं वह सब जानूँ जिसकी आप मुझे आज्ञा देते हैं और जिसे जीवन में अपनाने की आप मुझे प्रेरणा देते हैं। मुझे वह कृपा दीजिए जिसकी मुझे जीवन में हर प्रेरणा का अनुसरण करने के लिए आवश्यकता है, ताकि मैं आपकी पूर्ण और पवित्र इच्छा पूरी कर सकूँ। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।




