हिन्दी

आप कहाँ तक जाने को तैयार हैं?

शुक्रवार, 9 अगस्त 2019

सामान्य काल के अठारहवें सप्ताह का शुक्रवार

आज के पाठ

क्रूस की संत तेरेसा बेनेडिक्टा (एडिथ स्टाइन), कुँवारी और शहीद – ऐच्छिक स्मृति

“जो कोई मेरे पीछे आना चाहता है, उसे अवश्य ही स्वयं का त्याग करना होगा, अपना क्रूस उठाना होगा और मेरे पीछे चलना होगा।” मत्ती 16:24

येसु के इस कथन में एक बहुत महत्त्वपूर्ण शब्द है।  वह शब्द है “अवश्य”।  ध्यान दें कि येसु ने यह नहीं कहा कि आपमें से कुछ लोगों को अपना क्रूस उठाकर मेरे पीछे शायद चलना पड़े।  नहीं, उन्होंने कहा कि जो कोई मेरे पीछे आना चाहता है, उसे अवश्य…

तो पहले प्रश्न का उत्तर देना आसान होना चाहिए।  क्या आप येसु के पीछे चलना चाहते हैं?  मन में इसका उत्तर देना आसान है।  हाँ, बिल्कुल।  लेकिन यह ऐसा प्रश्न नहीं है जिसका उत्तर हम केवल मन में दे सकते हैं।  येसु ने जिसे आवश्यक बताया, उसे करने का निर्णय लेकर भी हमें इसका उत्तर देना होगा।  अर्थात्, येसु के पीछे चलने की इच्छा रखने का अर्थ है स्वयं का त्याग करना और अपना क्रूस उठाना।  तो फिर, क्या आप उनके पीछे चलना चाहते हैं?

आशा है, उत्तर “हाँ” है।  आशा है कि हमने येसु के पीछे चलने में जो कुछ भी शामिल है, उसे अपनाने का दृढ़ संकल्प किया है।  लेकिन यह कोई छोटी प्रतिबद्धता नहीं है।  कभी-कभी हम इस मूर्खतापूर्ण सोच के जाल में फँस जाते हैं कि हम यहाँ और अभी उनके पीछे “थोड़ा-बहुत” चल सकते हैं, सब ठीक हो जाएगा और मृत्यु के बाद हम निश्चित ही स्वर्ग पहुँच जाएँगे।  हो सकता है कि एक हद तक यह सच हो, लेकिन यदि हमारी सोच यही है, तो हम जीवन के असली अर्थ और परमेश्वर ने हमारे लिए जो कुछ रखा है, उस सब से वंचित रह रहे हैं।

अपने आप का त्याग कर अपना क्रूस उठाते हुए जीना वास्तव में उस हर जीवन से कहीं अधिक महिमामय है जिसकी योजना हम अपने बल पर कभी बना सकते हैं।  यह कृपा से भरा धन्य जीवन है और जीवन में परम परिपूर्णता पाने का एकमात्र मार्ग है।  अपने आप के लिए मरकर पूर्ण आत्मत्याग के जीवन में पूरी तरह प्रवेश करने से बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता। 

आज मनन करें कि क्या आप इस प्रश्न का उत्तर केवल मन से ही नहीं, बल्कि अपने पूरे जीवन से “हाँ” कहकर देने को तैयार हैं।  क्या आप त्याग के उस जीवन को अपनाने के लिए तैयार हैं जिसके लिए येसु आपको बुला रहे हैं?  आपके जीवन में उसका रूप कैसा होगा?  आज, कल और हर दिन अपने कार्यों से “हाँ” कहें और आप अपने जीवन में महिमामय बातें घटित होते देखेंगे।

हे प्रभु, मेरी सच्ची इच्छा आपके पीछे चलने की है और आज मेरा निश्चय है कि मैं अपने सारे स्वार्थ का त्याग करूँ।  जिस निःस्वार्थ जीवन के लिए आपने मुझे बुलाया है, उसका क्रूस उठाने का मेरा निश्चय है।  मैं अपना क्रूस आनन्द से अपना सकूँ और इस निर्णय के द्वारा आप मेरा रूपान्तरण करें।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

सुसमाचार पर और मनन

ईश्वरीय दया पर मनन

आज के संत – क्रूस की संत तेरेसा बेनेडिक्टा