मार्च 2, 2026
चालीसा काल के दूसरे सप्ताह का सोमवार
आज के पाठ
येसु ने अपने शिष्यों से कहा: “दयालु बनो, जैसा तुम्हारा पिता दयालु है।” लूकस 6:36
दया क्या है? स्वर्गिक पिता किस प्रकार दयालु हैं? मान लीजिए, किसी व्यक्ति ने ईश्वर की इच्छा के विरुद्ध जीवन बिताया। जब वह व्यक्ति मरकर ईश्वर के न्यायासन के सामने खड़ा होगा, तो क्या ईश्वर अपनी दया में कहेंगे, “कोई बात नहीं, तुम स्वर्ग में प्रवेश कर सकते हो, भले ही तुम इसके योग्य नहीं हो”? या हमारे जीवन में, यदि कोई खुले तौर पर ऐसा पापमय जीवन जी रहा हो जो वस्तुनिष्ठ रूप से ईश्वर के नैतिक विधान के विरुद्ध है, तो क्या हमें कहना चाहिए, “यदि इस तरह जीने से आपको खुशी मिलती है, तो मैं भी आपके लिए खुश हूँ”? इन दोनों में से कोई भी सच्ची दया को नहीं दर्शाता।
हमसे यह कहने के बाद कि “दयालु बनो, जैसा तुम्हारा पिता दयालु है,” येसु स्पष्ट करते हैं कि उनका क्या अर्थ है। पहले वे हमें बताते हैं कि क्या नहीं करना चाहिए: “न्याय करना छोड़ दो…दोषी ठहराना छोड़ दो।” न्याय करने और दोषी ठहराने का अधिकार केवल ईश्वर को है। हमें नहीं। इसलिए जब हम किसी दूसरे का न्याय करते और उसे दोषी ठहराते हैं, तो हम ईश्वर का अधिकार अपने हाथ में ले लेते हैं। केवल ईश्वर हृदय को देखते हैं; इसलिए केवल ईश्वर ही किसी व्यक्ति का न्याय कर सकते हैं।
फिर भी, “न्याय करना छोड़ दो” और “दोषी ठहराना छोड़ दो” की आज्ञा का पालन करते समय दो पहलुओं को ध्यान में रखना आवश्यक है। एक ओर, हमें किसी व्यक्ति को दण्ड का पात्र पापी नहीं ठहराना चाहिए। दूसरी ओर, हमें किसी व्यक्ति को नैतिक रूप से धर्मी भी घोषित नहीं करना चाहिए, विशेषकर तब जब उसके कार्य ईश्वर द्वारा प्रकट किए गए विधान के विरुद्ध हों। तो हमें क्या करना चाहिए? हमें अपना निर्णय केवल उन कर्मों की वस्तुनिष्ठ नैतिकता तक सीमित रखना चाहिए, जिसके मानदण्ड ईश्वर ने प्रकट किए हैं, और हृदय को दोषी या निर्दोष ठहराने का काम ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए। इससे हम क्रोध से मुक्त होंगे और सच्चा प्रेम व्यक्त कर सकेंगे।
उदाहरण के लिए, यदि दो लोग बिना विवाह किए पति-पत्नी की तरह रहते हैं, तो हमें अवसर ढूँढ़कर अपनी यह आशा व्यक्त करनी चाहिए कि वे अविवाहित रहकर साथ रहने के बजाय विवाह करें। यह उनकी आत्माओं को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि ईश्वर के वस्तुनिष्ठ नैतिक विधान की घोषणा करना है। यही सुसमाचार है, और हमें इसे दयालुता, धैर्य और स्पष्टता के साथ कहना चाहिए। इसके अलावा, यदि हम उन्हीं लोगों से कहते हैं कि हम किसी तरह उनके लिए खुश हैं और उनके इस प्रकार साथ रहने का समर्थन करते हैं, तो हम भी गलत ढंग से यह निर्णय कर रहे हैं कि वे ईश्वर के कृपापात्र हैं। हमारी ओर से यह भी उतना ही पापपूर्ण है। इसलिए न्याय न करने और दोषी न ठहराने का अर्थ है कि हम हृदय पर नहीं, बल्कि किए जा रहे वास्तविक कर्म पर ध्यान दें। यह कठिन हो सकता है, विशेषकर अपने सबसे निकट के लोगों के साथ, लेकिन सच्ची दया का आचरण करने के लिए यह आवश्यक है।
इसके बाद येसु जो कहते हैं, वह और भी अधिक चुनौतीपूर्ण है: “क्षमा करो” और “दो।” हमें और प्रेरणा देते हुए येसु समझाते हैं कि हमें तभी क्षमा मिलेगी जब हम दूसरों को क्षमा करेंगे, और हमें अच्छे वरदान तभी मिलेंगे जब हम देंगे। क्षमा और उदारता बड़ी दया के कार्य हैं। क्षमा करने का अर्थ है उस व्यक्ति को माफ़ करना जिसने हमारे विरुद्ध कोई पाप किया है। यद्यपि हम कभी किसी व्यक्ति के हृदय को नहीं जानते, और इसलिए यह भी नहीं जानते कि किसी कार्य के लिए वह कितना दोषी है, फिर भी अनेक बार हमारे विरुद्ध अपराध होता है। ऐसी स्थिति में केवल एक ही उचित प्रतिक्रिया है: क्षमा करना और दयालुता, करुणा तथा दया दिखाना। हमें कभी मन में बैर नहीं रखना चाहिए, क्रोधित नहीं बने रहना चाहिए, लगी हुई चोट को लेकर कुढ़ते नहीं रहना चाहिए, और न ही किसी के पाप को उसके विरुद्ध पकड़े रखना चाहिए। कभी नहीं।
चुनौती यह है कि केवल मानवीय बुद्धि इसे पूरी तरह नहीं समझ सकती। हमें ईश्वरीय प्रकाशना और ईश्वर की कृपा की आवश्यकता है, ताकि हमारा मन और हृदय समझ सके कि ऐसा करना ही सही है। प्रार्थना और संस्कारों के द्वारा ख्रीस्त के और निकट आकर हम इस अलौकिक दया में बढ़ सकते हैं और उनकी कृपा को अपना हृदय बदलने दे सकते हैं।
आज दया के इस सच्चे अर्थ पर मनन करें। अपने जीवन में ईश्वर की दया की भरपूरी के लिए विनती करें। ऐसा करते समय, दूसरों पर भी उतनी ही दया करने का संकल्प लें, जितनी दया आप ईश्वर से माँगते हैं। केवल अपनी मानवीय बुद्धि की समझ से भी आगे बढ़कर उदारता से दें, और ईश्वर भी उसी तरह आपकी समझ से परे अपनी दया आप पर उँडेल देंगे।
हे मेरे दयालु प्रभु, अनेक बार मुझसे दूसरों का न्याय हो जाता है, मेरे मन में बैर बना रहता है और दूसरों पर दया करने में मेरा हृदय संकुचित हो जाता है। कृपया मुझे अपना हृदय दीजिए, ताकि अपनी कमियों पर विजय पाकर अलौकिक सद्गुण के साथ स्वयं को दूसरों के लिए अर्पित कर सकूँ। हे मेरे ईश्वर, मेरी अभिलाषा आप जैसा बनने की है। भरपूर दया दिखाने में मेरी सहायता कीजिए। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।
ग्यारहवें दिन के मनन:
मरुभूमि में 40 दिन & क्रूस के पास 40 दिन
चालीसा काल के लिए पवित्र शास्त्र पर मनन
पवित्र मिस्सा के पाठों के विकल्प





